हल्द्वानी। मक्खन रखी मडुवे की रोटी, पालक का साग, तिमुर का सूप और साथ में तिमुर की ही चटनी। पूरी थाली में सजा था मुनस्यारी। महिला कल्याण समिति हल्द्वानी के सौजन्य से सुदूर जोहार के भोजन का स्वाद लोगों ने हल्द्वानी में लिया। स्वाद ऐसा कि सालों पहले अपने परिवार के साथ जोहार छोड़कर हल्द्वानी में बस गईं महिलाओं ने दिखा दिया कि जड़ों से लगाव हो तो तिमुर की चटनी भी मीठी लगती है। इसके अलावा डुबके और भात खाने वाले भी अंगुली चाटते नजर आए। ज्या (नमकीन चाय) की चुस्कियां भी लोगों ने खूब ली।