हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर में आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि 23 जुलाई तक बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. संजय पंत की ओर से जारी पत्र के अनुसार व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन फार्म भरने का कार्य 13 जून से शुरू किया गया था, जिसमें छात्रों को आवेदन करने के लिए कम समय मिला। पोर्टल के माध्यम से स्नातक एवं परास्नातक स्तर पर काफी कम संख्या में आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। इस वजह से कुविवि ने निर्णय लिया है कि व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई तक बढ़ाई गई है। साथ ही शुल्क जमा करने के उपरांत 23 जुलाई तक प्रवेश आवेदन फार्म ऑनलाइन माध्यम से भरा जा सकता है। आवेदन फार्म की प्रति संबंधित महाविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई निर्धारित की गई है।