हल्द्वानी। पब्लिक स्कूल एसोसिएशन हल्द्वानी ने हरियाणा के एक पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य को गोली से उड़ाए जाने की घटना के विरोध में 27 जनवरी को सीबीएसई से संबद्ध स्कूल बंद रखने का एलान किया है। यह फैसला पब्लिक स्कूल एसोसिएशन की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में लिया गया। शनिवार को स्कूलों की हड़ताल के दौरान विरोध प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट को मांगपत्र भी सौंपा जाएगा। बैठक में पब्लिक स्कूल एसोसिएशन हल्द्वानी के अध्यक्ष गोपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि स्कूल में कोई छोटी घटना हो या बड़ी उस के लिए प्रिंसिपल को जेल भेजा जाता है। हरियाणा के यमुनानगर के पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्या की हत्याकांड के बाद बाल संरक्षण आयोग खामोश है, मानवाधिकार का झंडा लेकर घूमने वाले भूमिगत हो गये है। एसोसिएशन के महासचिव कैलाश भगत ने कहा यदि किसी भी घटना के लिए उस विद्यालय के प्रबंधक या प्रिंसिपल को दोषी ठहराया जाता है तो फि र देश-प्रदेश की घटनाओं के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या उस विभाग के मंत्री को दोषी क्यों नहीं माना जाता। बैठक में हल्द्वानी के सभी पब्लिक स्कूलों से आह्वान किया गया कि 27 जनवरी को इन बढ़ती घटनाओं एवं प्रधानाचार्य, प्रबंधक एवं शिक्षकों की अनदेखी के विरोध में स्कूल बंद रखकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हों। बैठक में दीपक बल्यूटिया, प्रवीन रौतेला, सुनील जोशी, जरीना रोलेस्टन, अनिल जोशी, एमसी डालाकोटी, आरपी सिंह, विजय जोशी, जेपी सिंह आदि उपस्थित थे।