हल्दूचौड़ (नैनीताल)। हल्दूचौड़ सीएचसी केंद्र को पावरग्रिड टेली सर्विसेज लिमिटेड ने सीएचसी को करीब 85 लाख रुपये की आधुनिक मशीनें और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए हैं, जो अस्पताल पहुंच चुके हैं। लगभग 20 लाख के अन्य उपकरण भी जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे। इन उपकरणों में दंत चिकित्सा मशीन, आधुनिक लैब उपकरण और कई प्रकार की जांच करने वाली मशीनें शामिल हैं। मशीनों के स्थापित होने के बाद अब मरीजों को कई जरूरी जांचों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और अधिकतर जांचें अस्पताल में ही उपलब्ध हो सकेंगी। समाजसेवी हेमंत सिंह गौनिया, गोविंद बल्लभ भट्ट, सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता सत्य प्रकाश रविदास और हाईकोर्ट अधिवक्ता मनीष लोहनी के लगातार प्रयासों से अस्पताल को कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत बड़ी स्वास्थ्य सौगात मिली है। सीएचसी प्रभारी डॉ. सुधीर कन्याल का कहना था कि उपकरण आए हैं, इन्हें जल्द इंस्टाल कराया जाएगा। मरीजों की बेहतर सेवा के लिए वह तत्पर हैं।