हल्द्वानी। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भीड़ के मद्देनजर आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रेेनों में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर रणदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को काठगोदाम स्टेशन पर चेकिंग की। स्टेशन के प्लेटफार्म और परिसर में संदिग्ध हालात में घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई। वहीं काठगोदाम से जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को जहर खुरानी से सतर्क रहने की अपील की। महिला कोच में 182 टोल फ्री नंबर पर किसी भी मदद के लिए काल करने को कहा। महिला कोच की भी चेकिंग की गई। रणदीप कुमार ने बताया कि ट्रेनों में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी और एस्कार्ट का भी इंतजाम किया गया है।