गरमपानी (नैनीताल)। यहां एक दिन में डायरिया के तीन मामले मिले हैं। इनमें से एक बालिका की मौत हो गई जबकि दो की हालत में सुधार है। बेतालघाट ब्लॉक के तिराड़ी गांव निवासी ईश्वर सिंह बोरा की छोटी बेटी नेहा (5) को शनिवार से उल्टी-दस्त हो रही थी। दुर्गम गांव होने के कारण परिजन उसे लेकर रविवार सुबह अस्पताल पहुंचे। इससे पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया जबकि परिवार में उल्टी-दस्त से परेशान उनकी बड़ी बेटी दीशा (8) आठ वर्ष को परिजन रविवार रात करीब आठ बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरना लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। वहीं उल्टी-दस्त होने पर सिमलखा गांव निवासी राजेंद्र भंडारी के पुत्र करन (8) को परिजन इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। खैरना सीएचसी के प्रभारी सीएमएस डॉ. सतीश पंत ने बताया दोनों बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। सोमवार की सुबह दोनों गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए जाएगी। आसपास के अस्पतालों को भी सतर्क कर दिया गया है। वहीं सीएमओ डॉ. भारती राणा ने बताया कि सोमवार को तिराड़ी और सिमलखा गांव में स्वास्थ्य विभाग की दो टीमें भेजी जा रही हैं, जो पानी के साथ आसपास के लोगों की जांच करेंगे।