भीमताल (नैनीताल)। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से बचने और पहाड़ की शांत वादियों में इन दिनों देश-विदेश से सैलानी पहुंच रहे हैं। रविवार को सातताल, भीमताल, नौकुचियाताल में सैलानियों के पहुंचने से वाहनों के लिए पार्किंग न होने से घंटों जाम लगा रहा। सातताल में सैलानी जाम के झाम में घंटों फंसे रहे। जाम में फंसे रहने से कई सैलानी नैनीताल घूमने नहीं जा पाए। पर्यटन पुलिस के सातताल में न होने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इधर, डांठ से नौकुचियाताल के मार्ग में भी कई जगह वाहनों को खड़े करने की वजह से जाम की स्थिति दिन भर बनी रही। तिकोनिया में लगे जाम को महिला पुलिस कर्मियों ने खुलवाया। शहर में शौचालय के अभाव में सैलानियों को परेशानी झेलनी पड़ी।