रानीखेत (अल्मोड़ा)। जीएसटी प्रणाली लागू होने के बाद छावनी क्षेत्र में अस्थायी रूप से बंद किया गया वाहन प्रवेश शुल्क फिर शुरू कर दिया गया है। यह व्यवस्था शुक्रवार की मध्यरात्रि से शुरू हो गई है। मुख्य अधिशासी अधिकारी ज्योति कपूर ने बताया कि जीएसटी में समायोजित होने वाले करों और शुल्क की स्थिति स्पष्ट न होने के कारण उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बाद कैंट बोर्ड ने वाहनों से लिया जाना वाला प्रवेश शुल्क एक जुलाई से बंद कर दिया था। प्रवेश शुल्क वसूली न होने से कैंट के राजस्व में भारी नुकसान हो रहा था। क्षेत्र में वाहनों से शुल्क वसूली के लिए पांच चौकियां स्थापित की गई थीं। उन्होंने बताया कि यह शुल्क जीएसटी से प्रभावित नहीं होते हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बाद वाहनों से प्रवेश शुल्क वसूली को फिर शुरू कर दिया गया है।