द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। राज्य आंदोलनकारी संगठन की बैठक नगर पंचायत सभागार में हुई। बैठक में 19 दिनों तक चले आमरण अनशन की समीक्षा की गई। वक्ताओं ने कहा कि चिन्हीकरण की मांग को लेकर प्रशासन ने 16 दिन की मोहल्लत मांगी है, लेकिन इस अवधि में यदि सभी वंचित राज्य आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण नहीं होता तो फिर से उग्र आंदोलन किया जाएगा। मालूम हो कि चिन्हीकरण की मांग को लेकर आंदोलनकारी पिछले दो सालों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इधर, पिछले 19 दिन तक आमरण अनशन चला। 21 जुलाई को वार्ता को पहुंचे एडीएम को बंधक भी बनाया गया। बाद में प्रशासन ने 16 दिन में चिन्हीकरण के संबंध में लिखित आश्वासन दिया, इसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ। कहा कि अब आश्वासन हवाई साबित हुआ तो राज्य आंदोलनकारी उग्र आंदोलन करेंगे। बैठक में संगठन अध्यक्ष मनोज अधिकारी, मोहन सिंह रावत, महेश प्रसाद, किशन सिंह, कुंदन राम, धनी राम, गोपाल राणा, दौलत सिंह, नवीन जोशी, लक्षमण सिंह, मनोहर दत्त जोशी सहित तमाम लोग मौजूद थे।