हल्द्वानी। शहर में विकास की रफ्तार बढ़ाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए 74 पेड़ों के कटान की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। सुशीला तिवारी अस्पताल से देवलचौड़ स्थित हुंडई शोरूम तक करीब दो किलोमीटर लंबी नहर कवरिंग परियोजना की जद में आ रहे पेड़ों का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है। सिंचाई विभाग के ईई दिनेश सिंह ने बताया कि वन विभाग ने सिंचाई विभाग को पेड़ों के कटान की अनुमति दे दी है। इन पेड़ों का कुल मूल्यांकन 3,87,111 रुपये किया गया है। सिंचाई विभाग के अनुसार, नहर कवरिंग की जद में आने वाले 74 पेड़ों को तीन श्रेणियों में बांटकर उनका मूल्यांकन किया गया है। इनमें 18 फलदार पेड़ों की कीमत 1,21,111 रुपये, 14 इमारती लकड़ी वाले पेड़ों की कीमत 1,50,000 रुपये और 42 फूलदार व अन्य पेड़ों की कीमत 1,16,000 रुपये आंकी गई है।