हल्द्वानी। राजकीय नर्सिंग कॉलेज में कार्यरत पीआरडी कर्मचारी एक वर्ष से बिना वेतन के काम कर रहे हैं। मांगों को लेकर पीआरडी कर्मियों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। राजकीय नर्सिंग कॉलेज हल्द्वानी में समूह ग और घ के कार्मिक पीआरडी उत्तराखंड की ओर से नियुक्त किए गए हैं। कर्मियों को जनवरी 2017 से वेतन नहीं मिला है। वेतन भुगतान को लेकर चिकित्सा-शिक्षा निदेशक और प्राचार्य से गुहार लगाई गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिले। इससे कार्मिकों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। कर्मियों ने 12 माह का वेतन समेत रविवार और सार्वजनिक अवकाश अनुमन्य करने की भी मांग उठाई। इस दौरान विजय पाल, रीना, नैना रावत, खष्टी, संजय आदि थे। उधर, प्राचार्य डॉ. सीपी भैंसोड़ा ने बताया कि कर्मियों का वेतन स्वीकृत हो गया है और दो सप्ताह के भीतर वेतन का भुगतान हो जाएगा।