नैनीताल। डीएम विनोद कुमार सुमन ने रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में जल संस्थान नैनीताल, हल्द्वानी, रामनगर के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने 15 जून तक पानी के नए कनेक्शन और व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक लगाने को कहा। बताया कि गर्मी में नदियों, नहरों, तालाबों, गधेरों, चाल-खालों के जलस्तर में गिरावट आ रही है। इस कारण जल संरक्षण को प्राथमिकता देकर वितरण व्यवस्था में जरूरी सुधार किया जाए। अधिकारी अलर्ट रहें। स्वयं भी कार्यस्थलों का निरीक्षण करें। लाइनों की लीकेज बंद कराए जाए। लीकेज पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कहा कि निर्देशों का शतप्रतिशत अनुपालन किया जाए। एसडीएम से भी इन निर्देशों का अनुपालन करवाने को कहा गया। बताया कि वितरण लाइनों पर टुल्लू पंप भी नहीं लगना चाहिए। डेढ़ माह तक भवन निर्माण के कनेक्शन, सर्विस सेंटरों पर वाहनों की धुलाई पर त्वरित रोक लगाई जाए। इस दौरान मात्र ड्राइवॉश की अनुमति रहेगी। लाइनों पर टुल्लू पंप लगाने, छत की टंकियों से पानी गिरने पर भी कनेक्शन काट दिया जाएगा।
नए कनेक्शन, पानी के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक
डीएम ने ली जल संस्थान के अधिकारियों की बैठक