हल्द्वानी। जंगल सूखने से जंगली जानवर पानी की तलाश में गांवों का रुख कर रहे हैं। इससे मानव और वन्यजीव संघर्ष भी बढ़ रहा है। वन विभाग बेखबर बना है। सोमवार को जीतपुर नेगी में पानी की तलाश में आया सांभर भटक गया। कुत्ते उसके पीछे पड़ गए। ग्रामीण उमा भट्ट ने सांभर को कुत्तों से बचाकर अपने घर में बांध दिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टीम ने सांभर को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। तराई केंद्रीय वन विभाग के जंगलों में 70 प्रतिशत से अधिक सागौन, यूकेलिप्टस है। हल्द्वानी डिवीजन के सभी पोखर भी सूख चुके हैं। वन विभाग की ओर से जंगली जानवरों के लिए पानी के लिए कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे। इस कारण जंगली जानवर पानी की तलाश में आबादी की ओर आ रहे हैं।