लालकुआं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से 61.08 प्रतिशत मतदान हुआ है। जो कि जनपद में सबसे अधिक मतदान है। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के कई ऐसे पोलिंग बूथ थे, जहां शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। वहीं कुछ ईवीएम में खराबी आई, जिन्हें तत्काल बदल दिया गया।
चुनाव आयोग और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए गए थे। इधर कुछ पोलिंग बूथ में प्रातः ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना आई जिसमें पोलिंग बूथ हाथीखाल गोरापड़ाव, हाथीख़ाल दक्षिणी भवन, बकुलिया, हल्दूचौड़ दीना, गांधीनगर बिंदुखत्ता, संजयनगर द्वितीय बिंदुखत्ता, नयागांव लक्षमपुर, हरिपुरा ठठोला, गौजाजाली, और हल्द्वानी तल्ली में ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना मिलने पर एसडीएम हल्द्वानी परितोष वर्मा ने तत्काल नई मशीन लगाकर मतदान प्रक्रिया शुरू कराई। इधर, इंदिरानगर गबदा प्राइमरी पाठशाला स्थित बूथ संख्या 60 में पीठासीन अधिकारी द्वारा मॉकपोल की कार्रवाई शुरू कराई। मॉकपोल में कुल 55 वोट डाले गए। जिनका मिलान करने पर बीपी पैट मशीन में 56 मतपत्र निकले। जिसको लेकर मतदान अभिकर्ताओं ने ऐतराज किया। निर्वाचन सेक्टर प्रभारी के हस्तक्षेप के बाद दोबारा मॉकपोल की गई।
जब पीठासीन अधिकारी ने कहा जय श्री राम
लालकुआं। बिन्दुखत्ता इंदिरानगर के बूथ संख्या 60 में मॉकपोल कराने से पूर्व पीठासीन अधिकारी ने जयश्री राम का उद्घोष किया। जिस पर मतदान अभिकर्ता हरीश सुयाल ने नारागी जाहिर करते हुए कहा कि पीठासीन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। बाद में अन्य मतदान अधिकारियों द्वारा मामले को खत्म करवाया गया।