रामनगर (नैनीताल)। खाना बनाते समय चूल्हे की आग से झोपड़ी जलकर खाक हो गई। हादसे में झोपड़ी में सो रहे 6 माह के बच्चे की जलकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम बचाई जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश के रहने वाले किशन रामनगर पीरूमदारा के भवानीपुर बड़ी में एक स्टोन क्रशर पर डंपर चालक का काम करता है। वह पास में झोपड़ी बनाकर पत्नी अनीता, 4 साल की बेटी कुसुम और 6 माह के बेटे नीरज के साथ रहता था। आज सुबह लगभग 10:00 बजे अनीता खाना बनाकर अपने बेटे नीरज और बेटी कुसुम को झोपड़ी में छोड़कर पानी लेने चली गई। इतने में चूल्हे में सुलगती आग झोपड़ी की पुराल तक चली गयी और झोपड़ी जलने लगी। कुसुम किसी तरह से जान बचाकर झोपड़ी से बाहर भागी। आसपास के लोग पहुंचते तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। सूचना मिलते ही रामनगर फायर स्टेशन के एसएचओ किशोर उपाध्याय दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक 6 माह के नीरज मौत की मौत हो चुकी थी। घर में रखा सारा सामान भी जल गया। स्थानीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित किशन के परिवार को 6 हजार की आर्थिक मदद की।