पतलोट (नैनीताल)। विकासखंड ओखलकांडा के 40 गांवों के केंद्र पतलोट में पिछले दो दिनों से बिजली, पानी, नेटवर्क न आने से ग्रामीण बेहाल हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा मटियाली, ग्राम प्रधान लीला त्रिपाठी, सामाजिक कार्यकर्ता शेर सिंह मटियाली ने बताया कि रविवार को जलसंस्थान के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर जलस्रोत के पास टंकी की मरम्मत कर पानी की व्यवस्था करने की मांग की है। ताकि पतलोट के दो हजार से अधिक लोगों को पानी की समस्या से निजात मिल सके। उधर, बिजली, बीएसएनएल का नेटवर्क ठप होने से 25 हजार लोगों का बाहरी क्षेत्रों से संपर्क टूटा है। उधर, सामाजिक कार्यकर्ता केशव भट्ट ने कहा कि 30 अप्रैल को पतलोट क्षेत्र में सांसद भगत सिंह कोश्यारी, विधायक राम सिंह कैड़ा गौनियारौ में बीएसएनएल 3जी टावर का शुभारंभ करेंगे। ऊर्जा निगम के जेई नारायण बिष्ट ने बताया कि घिघरानी में बिजली की लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली बाधित है। बीएसएनएल के एसडीओ बीएन सिन्हा ने कहा कि उनके पास 31 टावर हैं, जिसमें 600 लीटर तेल में काम चलाना पड़ रहा है। वह जल्द पतलोट में नेटवर्क की समस्या को हल करेंगे।