रानीखेत (अल्मोड़ा)। जरूरी बाजार निवासी छात्र अनुभव पांडेय का चयन एनडीए के लिए हो गया है। वह जनवरी माह से खड़गवासला में सेना का कठिन प्रशिक्षण लेंगे। अनुभव बचपन से ही सेना अधिकारी बनना चाहते थे। उनके पिता दिनेश चंद्र पांडेय यहां खंड विकास कार्यालय में कार्यरत हैं जबकि माता गीता पांडे शिक्षिका हैं। अनुभव ने पहली से छठी तक की शिक्षा स्प्रिंग फील्ड स्कूल और सातवीं से 12वीं तक की शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत से ली। वर्तमान में अनुभव नैनीताल डीएसबी में बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र हैं। उन्होंने बिना किसी कोचिंग के एनडीए परीक्षा पास की। अनुभव की उपलब्धि पर एपीएस के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने खुशी जताई है। अनुभव का छोटा भाई अभिनव भी आर्मी पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर है।