नैनीताल। मछलियों को खिलाने के लिए ब्रेड बेच रहे एक दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पालिका ने 500 रुपये का चालान किया है। बता दें कि शहर आने वाले पर्यटक नैनीझील में अक्सर मछलियों को ब्रेड खिलाते हैं जबकि यह उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने के साथ ही झील के प्राकृतिक संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। रविवार को मल्लीताल स्थित जूम लैंड के पास कुछ पर्यटक मछलियों को ब्रेड डालते हुए मिले। मौके पर पहुंचीं पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने पर्यटकों को ऐसा करने से रोका और उन्हें झील संरक्षण के प्रति जागरूक किया। पूछताछ में पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने ब्रेड पास में दुकान से खरीदी थी। इसके बाद पालिका ने संबंधित दुकान संचालक मोहित बिष्ट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका 500 रुपये का चालान कर दिया। संवाद