हल्द्वानी। जोहारी शौका समाज का नवां जोहार महोत्सव 10, 11 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज परिसर में होगा। इस बार महोत्सव को भव्य रूप दिया जा रहा है। महोत्सव के स्टार कलाकार ‘चैतैकि चैत्वालि’ के गायक अमित सागर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। जोहार सांस्कृतिक एवं वेलफेयर सोसायटी के बैठक में यह निर्णय लिया गया। संस्थाध्यक्ष देवेंद्र सिंह धर्मशक्तू, सांस्कृतिक सचिव नरेंद्र टोलिया ने बताया कि महोत्सव में इंडिया के मस्त कलंदर के कलाकार विक्रम बोरा भी जलवा बिखेरेंगे। इस दौरान जोहारी शौका वेशभूषा एवं वाद्य यंत्रों की आकर्षक झांकी, जोहारी शौका वेशभूषा में ढुस्का, चांचरी, जोहारी शौका गौरव सम्मान, छितकू-हिवांल सांस्कृतिक समिति दरकोट की प्रस्तुति, जोहारी शौका व्यंजन प्रतियोगिता होगी। विभिन्न ऊनी उत्पादों, पहाड़ी व्यंजनों के स्टाल भी लगाए जाएंगे। बैठक में महासचिव भूपेंद्र जंगपांगी, कैलाश धर्मशक्तू आदि थे।