हल्द्वानी। जरा सी हवा क्या चली बुधवार की देर रात शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था बाधित कर दी। मरम्मत कार्य के विभाग के बड़े-बड़े दावे धरे रहे गए। आपूर्ति बृहस्पतिवार की सुबह बहाल हुई। 132केवी काठगोदाम से निकलने वाला टाउन फीडर ब्रेकडाउन में आ गया। हाइडिल और आसपास का क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। सुबह लगभग छह बजे आपूर्ति बहाल हो सकी जबकि गौलापार में भी दो फीडर ठप हो गए। गौलापार में बृहस्पतिवार की दोपहर 12 बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी। ग्रामीण क्षेत्र में 33केवी कठघरिया की लाइन ब्रेकडाउन में आ गई। जबकि कठघरिया से कमलुवागांजा को जाने वाली 11केवी लाइन भी ब्रेकडाउन में आ गई। 220केवी कमलुवागांजा के पास लाइन टूटने के कारण फूलचौड़ का क्षेत्र भी अंधेरे में डूब गया। ट्रांसपोर्ट नगर उपकेंद्र भी पूरी रात बाधित रहा। कठघरिया उपकेंद्र का आलम यह था कि दोपहर दो बजे तक लालडांठ रोड, भट्ट कालोनी, सद्भावना कालोनी आदि क्षेत्रों में बिजली की आंख मिचौली चलती रही। अधिशासी अभियंता नगर डीके जोशी और ग्रामीण अमित आनंद ने बताया कि लाइनों में पेड़ की टहनी आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में एलटी लाइन में भी काफी दिक्कत आई थी। मुखानी से पीलीकोठी के बीच बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर ढाई बजे तक शटडाउन लिया गया।