कार हादसे में तीन कारोबारियों की मौत, चालक घायल
कालाढूंगी। कार हादसे में तीन कारोबारियों की मृत्यु हो गई जबकि कार चालक घायल हो गया। इंडीवर कार यूपी 21 बीए 7087 में सवार कारोबारी शुक्रवार रात मुरादाबाद से नैनीताल आ रहे थे। वह रात करीब 11 बजे गड़प्पू के पास पहुंचे तो अचानक कार के सामने जंगली जानवर आ गया। इससे अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कार में सवार तीन कारोबारी पर्यटकों की मृत्यु हो गई। इनमें दो केरल और एक कोलकाता निवासी शामिल हैं। इनके नाम अनूप कुमार, विमल, वीर सिंह बताए गए हैं। बताते हैं कि वह वाहनों के पुर्जों के कारोबारी थे। मुरादाबाद यूपी निवासी वाहन चालक जकी अहमद घायल हो गया। उसे हल्द्वानी भेजा गया है। समाचार लिखे जाने तक कालाढूंगी पुलिस कार में फंसे शवों को निकालने में जुटी थी।