भीमताल (नैनीताल)। पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले भीमताल में पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के लिए एएसपी हरीश चंद्र सती ने रविवार को व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों की बैठक ली। एएसपी सती ने लोगों से पार्किंग व्यवस्था, यातायात व्यवस्था में पुलिस को सहयोग देने को कहा। सती ने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने में कुछ समय बचा है, ऐसे में भीमताल में यातायात व्यवस्था को सुधारना जरूरी है। पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जल्द समाधान निकाला जाएगा। प्रभारी निरीक्षक डीआर आर्या ने लोगों से सड़क में वाहन आड़े-तिरछे खड़े न करने की सलाह दी है। मारपीट करने पर पैराग्लाइडिंग संचालकों के लाइसेंस निरस्त करने की भी चेतावनी दी। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ रौतेला, देवेंद्र फर्त्याल, भावना नौलिया, डीके डालाकोटी, बीडी पलड़िया, एसआई त्रिलोचन जोशी, पनीराम टम्टा, महिला एसआई सीमा आर्या, अमन दीपिका नेगी, धर्मेंद्र मेहता, ब्रजेश सिंह आदि मौजूद रहे।