नैनीताल। हाइकोर्ट ने वीडीओ के 196 पदों की भर्ती को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के लिए नौ अक्टूबर की तिथि नियत की है। मामले के अनुसार रामनगर निवासी आलिया, ऊधमसिंह नगर निवासी बलदेव सिंह, काशीपुर निवासी सुधांशु चौहान सहित अन्य ने हाइकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि 20 नवंबर 2015 को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से बीडीओ के 196 पदों को भरने के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। परीक्षा के बाद रिजल्ट घोषित होने पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में कुछ लोगों की ओर से शिकायत की गई। जांच में रिजल्ट में गड़बड़ी नहीं पाई गई, लेकिन सरकार ने दोबारा जांच के आदेश दे दिए। इसके खिलाफ पूर्व में कुछ लोगों की ओर से हाइकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। इसपर कोर्ट ने 5 अप्रैल 2017 को याचिका निस्तारित करते हुए कहा था कि अगर जांच में कोई अनियमितता नहीं पाई जाती है तो याचिकाकर्ताओं को नियुक्ति दें, लेकिन सरकार ने नियुक्ति देने की जगह चयन ही निरस्त कर दिया। इसके खिलाफ आलिया सहित अन्य ने याचिका दायर की थी। न्यायमूर्ति सुधांशु धुलिया की एकलपीठ ने इस प्रकरण पर अगली सुनवाई के लिए नौ अक्टूबर की तिथि तय की है।