हल्द्वानी। जिले में मलेरिया तेजी से फैल रहा है और स्वास्थ्य महकमा हाथ पर हाथ रखकर बैठा हुआ है। मंगलपड़ाव पुलिस चौकी में तैनात एक सिपाही मलेरिया की चपेट में आ गया है। सिपाही को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर 31 लोगों की रिपोर्ट में सिर्फ एक में मलेरिया पॉजिटिव आया है। भौर्सा, रौसिल, जमरानी समेत अन्य क्षेत्रों में मलेरिया का प्रकोप है। मंगलपड़ाव पुलिस चौकी में तैनात सिपाही राधेश्याम लोहनी को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। लोहनी ने शुक्रवार को बेस अस्पताल के फिजीशियन डॉ. अमित लोहनी से परामर्श लिया। लोहनी के खून की जांच कराई गई तो मलेरिया की पुष्टि हो गई। लोहनी को मलेरिया वार्ड में भर्ती किया गया है। दूसरी ओर जिला मलेरिया अधिकारी अर्जुन राणा ने बताया कि तीन दिन पहले रौसिल में 31 लोगों का सैंपल लिया गया था। इसमें से एक व्यक्ति मलेरिया से पीड़ित है।