गरमपानी (नैनीताल)। कुछ कर गुजरने की लगन हो तो मंजिल तक पहुंचने का रास्ता खुद मिल जाता है। इस कथन को किसान के बेटे ने सच कर दिखाया है। बेतालघाट ब्लॉक के दूरस्थ सीम ग्राम सभा के तोक ढौन निवासी दिनेश सिंह खाती सेना में लेफ्टिनेंट बन गए। दिनेश ने 2005 में सेना में भर्ती होने के बाद कड़ी मेहनत के दम पर क्लर्क से लेफ्टिनेंट का सफर तय किया। उन्होंने हर रोज पढ़ाई के लिए समय निकाला और एसएसबी (सर्विस सलेक्शन बोर्ड) की परीक्षा उत्तीर्ण की। निर्धारित ट्रेनिंग पूरी करने के बाद 11 अगस्त को पास आउट हुए। दिनेश के पिता बच्चे सिंह खाती खेती-बाड़ी करते है। दिनेश की माता नंदी देवी गृहणी है। उन्होंने हाईस्कूल की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज भीड़ापानी और इंटर की परीक्षा राजकीय इंटर कॉलेज भुजान अल्मोड़ा की है। ग्रेजुएशन डीएसबी कैंपस नैनीताल से पास किया है। घर में अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, पत्नी कविता, मित्रों के साथ अध्यापकों को दिया है।