रानीखेत (अल्मोड़ा)। नया साल शुरू होते ही पर्यटन नगरी में ठंड का प्रकोप भी परवान चढ़ने लगा है। सुबह-शाम गिर रहे बेतहाशा पाले के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। नगर को जोड़ने वाले अधिकांश मोटर मार्गों में पाले की परत बिछी हुई है, जिसके चलते वाहनों के दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। नगर के रोडवेज स्टेशन, स्टेट बैंक के समीप और पंतकोटली मोटर मार्ग पर गिरा पाला दोपहर तक नहीं सूख पा रहा है। जिस कारण दोपहिया वाहन चालकों को खासी दिक्कतें हो रही हैं। प्रशासन ने असहाय, विक्षिप्त नागरिकों को जहां गर्म कपड़े वितरित किए हैं, वहीं नगर के मुख्य चौराहों पर अलाव भी जलाए हैं। बाहर से आने वाले यात्रियों को इससे काफी राहत मिल रही है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण सूखी ठंड के कारण लोग बेहाल हैं, हालांकि दोपहर के वक्त तेज धूप खिल रही है, लेकिन सुबह और शाम कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, ठंड के कारण तमाम बीमारियां भी बढ़ने लगी हैं, अस्पताल में सर्दी, जुकाम, बुखार और गले की बीमारी से संबंधित रोगियों की तादाद बढ़ रही है।