हल्द्वानी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अगले 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी के चलते जिलाधिकारी ने शुक्रवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और प्राइवेट स्कूलों में कक्षा एक से बारह तक अवकाश रहेगा। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यरत स्टाफ के लिए उक्त अवकाश अनुमन्य नहीं होगा। सभी अध्यापक-अध्यापिकाएं विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को मौसम की स्थिति देखने के बाद शनिवार के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। बता दें कि मौसम विभाग ने नैनीताल में अगले 48 घंटों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही प्रशासन को भी भूस्खलन और सड़क बंद होने को लेकर सतर्क रहने को कहा है।