हल्द्वानी। सड़क हादसे में घायल मजदूर की एसटीएच में उपचार के दौरान शनिवार रात मौत हो गई। मेडिकल चौकी पुलिस के अनुसार सितारगंज वार्ड नंबर 11 निवासी पीमा व्यापारी (30) पुत्र मोहन व्यापारी शनिवार शाम मजदूरी करने के लिए गया था। मजदूरी करने के बाद वह रोड पर खड़ा था। इस बीच डंपर या किसी अन्य तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया। क्षेत्रीय लोग उसे लेकर एसटीएच पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मजदूर की एक बेटी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया।