रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत में नंदा देवी महोत्सव 26 अगस्त को शुरू होगा। इसके लिए नंदा देवी धर्मशाला समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अलावा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होंगी। जरूरी बाजार स्थित नंदा देवी मंदिर परिसर में हुई बैठक में महोत्सव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्ष हरीश शाह की अध्यक्षता में समिति के सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। 26 अगस्त को कदली वृक्ष आमंत्रण के साथ मेला शुरू हो जाएगा। 29 अगस्त को मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, एक सितंबर को भव्य शोभा यात्रा के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा। महोत्सव के तहत फोर ए साइड हॉकी, फुटबाल प्रतियोगिता होगी, बैडमिंटन, वालीबॉल, कैरम प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। महिलाओं के लिए ऐंपण, मेहंदी, म्यूजिकल चेयर, पासिंग बाल, बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस का आयोजन होगा। तय हुआ कि प्रतियोगिताओं के लिए विद्यालयों से संपर्क किया जाएगा। सीनियर और जूनियर वर्ग में लोकगीत और लोकनृत्य भी होंगे। बैठक में छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी, सभासद सुकृत शाह, कमल शाह, चंदन लाल शाह, संदीप तिवारी, देवेंद्र लाल शाह, सौरभ अग्रवाल, केवलानंद, यतीश रौतेला, सोनू सिद्दीकी, हर्षदीप वर्मा, मनोज अग्रवाल, हरीश मनराल, मो. शाहिद सहित तमाम लोग मौजूद थे। संचालन एलएम चंद्रा ने किया।