पतलोट (नैनीताल)। ओखलकांडा विकासखंड की पश्यां ग्रामसभा में पाटीगाड़ की पुलिया शुक्रवार को टूट गई। इससे पांच ग्रामसभाओं में आवागमन की समस्या हो गई है। ग्राम प्रधान हेम आर्या ने इसकी सूचना पट्टी पटवारी हरीश चंद्र जोशी को दी। प्रभारी कानूनगो एचसी जोशी ने बताया कि संबंधित विभाग क्षति का आकलन करेगा। पूर्व पीटीए अध्यक्ष सीएस कुड़ाई का कहना है कि पुराने पैदल मार्ग भी टूट चुके हैं। इस कारण खनस्यू, कौडार, पोखरी, देवली के लोगों को परेशानी हो रही है। पश्यां इंटर कॉलेज के शिक्षक सीपी भंडारी ने बताया कि विद्यालय में कुल 225 बच्चे पढ़ते हैं, जिन्हें बारिश के दौरान जल्दी घर जाना पड़ रहा है। विधायक राम सिंह कैड़ा, प्रभारी प्रधानाचार्य मुकेश भट्ट, पूर्व प्रधान नारायण सिंह मटियाली, मथुरा दत्त कुड़ाई, प्रकाश परगांई, ललित मोहन कुड़ाई ने शासन-प्रशासन से समस्या सुलझाने के लिए तात्कालिक और दीर्घकालिक उपाय करने की मांग की है।
पाटीगांव की पुलिया टूटने से पांच गांवों का आवागमन बंद