सल्ट (अल्मोडा)। गांव से भंडारा खाकर लौट रहे एक महिला सहित दो बच्चे पौड़पानी गधेरे के उफान में बह गए, लेकिन ग्रामीणों की सजगता के चलते तीनों को बचा लिया गया। गधेरे में बहे दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल लाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार विकासखंड स्याल्दे के अंतर्गत चकरगांव के तोक बस्यूड़ा गांव निवासी गोपुली देवी पत्नी हर्ष सिंह और प्राची पुत्री चंदन सिंह और अमन सिंह पुत्र नंदन सिंह गांव में भंडारा खाने गए थे। सायंकाल वापस लौटते वक्त तेज बारिश हो रही थी। जिसके चलते पौड़पानी गधेरा पूरी उफान पर था। तीनों बच्चे गधेरे में बह गए। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों ने कुछ दूरी पर तीनों पकड़ लिया। बताया गया है कि अमन और प्राची की हालत गंभीर है। तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल लाया जा रहा है।