भवाली (नैनीताल)। शिप्रा कल्याण समिति ने बीते दो सालों के अथक प्रयास के बाद शिप्रा नदी के किनारे बने 12 मकानों से निकलने वाले सीवर को सामूहिक पिट से जोड़ दिया है। इससे शिप्रा में होने वाला प्रदूषण कुछ हद तक कम हो गया है। शिप्रा कल्याण समिति के संयोजक जगदीश नेगी ने बताया कि समिति द्वारा बीते दो सालों में शिप्रा नदी को प्रदूषण मुक्त कराने के लिए समय-समय पर नदी में श्रमदान कर कूड़ा कचरा हटाने के साथ-साथ कई बार आवाज उठाई गई थी। उन्होंने बताया कि सभी के सहयोग से मंदिर के पास के लगभग 12 मकानों से निकलने वाले सीवर को सामूहिक पिट में डालने की व्यवस्था की गई है। भविष्य में भी नदी किनारे बने अन्य मकानों से निकलने वाले सीवर को भी नदी में जाने से रोकने के लिए सामूहिक पिट तैयार कराए जाएंगे। उन्होंने नगर के लोगों से इस कार्य में सहयोग की अपील की है।