रानीखेत (अल्मोड़ा)। स्वच्छता पखवाड़े के तहत छावनी परिषद ने रानीझील सहित तमाम स्थानों पर सफाई अभियान चलाया। छावनी परिषद नगर के सभी वार्डों में यह अभियान चला रही है। घर-घर जाकर लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की सीख दी जा रही है। पखवाड़े के तहत छावनी परिषद के कर्मचारियों ने चौबटिया क्षेत्र में सफाई की, लोगों को कूड़े को इकट्ठा कर उसे निस्तारित करने के तरीके बताए। केंद्रीय विद्यालय के निकटवती जल स्रोतों की सफाई की गई। चौबटिया में टैक्सी स्टैंड पर अभियान के दौरान लोगों को जागरूक किया गया। इस अभियान में छावनी परिषद से जुड़े विद्यालयों के बच्चे भी सहयोग कर रहे हैं। इससे पूर्व नगर में रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। छावनी बोर्ड के स्वच्छता निरीक्षक एपी सिंह ने बताया कि सभी छह वार्डों में यह अभियान चलाया जाएगा।