रामनगर (नैनीताल)। तराई पश्चिमी वन प्रभाग की टीम ने 27 अक्तूबर को आमपोखरा रेंज में हाथी के दो दांतों के साथ एक अभियुक्त को पकड़ा था। तब से पूछताछ के बाद दो अन्य आरोपियों को पकड़ा जा चुका लेकिन मुख्य आरोपी विभाग की पकड़ से बाहर है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के एसडीओ कलम सिंह बिष्ट ने बताया कि हाथी दांत प्रकरण में मुख्य आरोपी गुलाम रसूल उर्फ गामा की तलाश है। उसको पकड़ने के लिए जंगलों में निरंतर गश्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि गुलाम रसूल बहुत शातिर है। इसलिए वह निरंतर अपना स्थान बदल रहा है। वह कभी पतरामपुर, सितारगंज, अमानगढ़ आदि क्षेत्रों में घूम रहा है। उसको पकड़ने के लिए विभाग लगातार दबिशें दे रहा है।