भीमताल (नैनीताल)। शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। दुग्ध संघ लालकुआं बहुत जल्द नगर पंचायत क्षेत्र भीमताल में आंचल के तीन मिल्क पार्लर खोलेगा। दुग्ध संघ लालकुआं अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि इनमें फ्लेवर्ड मिल्क, छेना खीर, छांछ, मट्ठा, बाल मिठाई, दूध, दही, मक्खन, चाकलेट का स्वाद चखने को मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि जिले में पहली बार भीमताल और हल्द्वानी में आंचल का मिल्क पार्लर खोलने की तैयारी है। इसके लिए नगर पंचायत भीमताल के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया से वार्ता की जा चुकी है। इसके तहत नगर पंचायत दुग्ध संघ को भूमि या पार्क देगी। जहां दुग्ध संघ उक्त भूमि या पार्क में मिल्क पार्लर खोलेगा। उन्होंने कहा कि डांठ, मल्लीताल, तल्लीताल मार्ग स्थित पार्क में मिल्क पार्लर खोला जाएगा। बोरा ने कहा कि जुलाई 15 के बाद दुग्ध संघ की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कर मिल्क पार्लर खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा भीमताल में अगर मिल्क पार्लर सफल हुआ तो नैनीताल, मुक्तेश्वर, रामगढ़, धानाचूली के पर्यटन स्थलों में भी खोला जाएगा।
भीमताल में खुलेगा आंचल का मिल्क पार्लर
फ्लेवर्ड मिल्क, छेना खीर, मट्ठा, छांछ मिलेगी
दुग्ध संघ लालकुआं बोर्ड बैठक में करेगा प्रस्ताव पारित