हल्द्वानी। जिला योजना से इस बार भी जलसंस्थान को निराशा ही हाथ लगी है। विभाग ने जिला योजना की बैठक में 1.75 करोड़ रुपये के प्रस्ताव दिए थे, लेकिन बैठक में विभाग के प्रस्ताव में 38 लाख रुपये की कटौती कर 1.37 करोड़ रुपये दिए गए। जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल कुमार सक्सेना ने बताया कि पेयजल लाइनों के रखरखाव, टैंकरों से पेयजल वितरण व्यवस्था और सालभर खराब होने वाले नलकूपों की मरम्मत आदि के लिए बजट की कमी रहती है। सालभर में करीब 25 से 30 नलकूप खराब होते हैं। एक नलकूप की मरम्मत में करीब एक लाख रुपये खर्च होते हैं। इसके अलावा लाइनों की मरम्मत, रखरखाव आदि पर भी भारी खर्च आता है। इसी का आकलन कर विभाग ने 1.75 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा था। उन्होंने बताया कि नैनीताल जिले के चारों डिविजनों को पिछले साल की जिला योजना के सापेक्ष मात्र 10 लाख रुपये अधिक मिले। हल्द्वानी डिविजन को भी पिछले साल की तुलना में दो लाख रुपये अधिक दिए गए। पिछले वर्ष 1.35 करोड़ रुपये मिले थे।
जिला योजना से जलसंस्थान को नहीं मिली पर्याप्त धनराशि
मांगे थे 1.75 करोड़, मिले सिर्फ 1.37 करोड़