रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट नेशनल पार्क के बाद अब पवलगढ़ कंजर्वेशन रिजर्व (पीसीआर) सीतावनी जोन भी 30 जून से पर्यटकों के लिए बंद हो रहा है। रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ भूपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बरसात को देखते हुए सीतावनी जोन के भंडारपानी, पवलगढ़ पर्यटन सर्किट, कॉर्बेट फॉल नयागांव एवं बाराती रौ झरना चूनाखान को 30 जून से बंद किया जा रहा है। यह फैसला वर्षा ऋतु, आपदा प्रबंधन एवं पर्यटकों की जानमाल की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है। इसके अनुपालन के लिए कोसी, कोटा, देचौरी, कालाढूंगी रेंज के रेंजरों को पत्र भेजा गया है। इसमें आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया है। वहीं कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) का बिजरानी रेंज भी 30 जून से ही बंद होगा। सितंबर में बरसात की समाप्ति के बाद अब अक्तूबर से ही इन क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां हो सकेंगी। यहां सीटीआर के सर्वाधिक लोकप्रिय धनगढ़ी गेट का ढिकाला जोन और दुर्गादेवी गेट से जुड़ा दोमुंडा जोन 15 जून से ही बंद हो चुका है जबकि कच्ची सड़कों के आवागमन योग्य रहने की स्थिति में सीटीआर के ढेला और झिरना जोन में सालभर पर्यटक दिन में घूम सकते हैं। बरसात के दौरान सीटीआर समेत वन विभाग के निरीक्षण भवनों की बुकिंग भी नहीं हो सकेगी।
30 से बंद होगा सीतावनी पर्यटन
बरसात के बाद ही बहाल होंगी पर्यटन गतिविधियां