हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के कुलपति प्रो. ओपीएस नेगी ने भारत सरकार में डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक को मानव संसाधन मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बधाई दी है। कहा कि डॉ. पोखरियाल से उत्तराखंड के संदर्भ में बहुत उम्मीदें हैं। डॉ. नेगी ने कहा कि राज्य के कई विश्वविद्यालय अब भी ऐसे हैं जो यूजीसी अनुदान, नेक अक्रिडीशन में नहीं हैं, इस कारण इन विश्वविद्यालयों को यूजीसी से अनुदान नहीं मिल पा रहा है और न ही यूजीसी रिसर्च प्रोजेक्ट, यूजीसी के पद। इससे विश्वविद्यालयों में शोध और गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान नहीं हो पा रही है। यूओयू उनमें से एक है। यूजीसी के कडे़ नियमों के चलते विवि यूजीसी 12 बी में शामिल नहीं हो पा रहा है। यूजीसी के नियमानुसार विश्वविद्यालय के पास कम से कम 40 एकड़ भूमि होनी चाहिए, लेकिन विश्वविद्यालय के पास 25 एकड़ ही है। राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप यह कठिन है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि डॉ. निशंक इस ओर अवश्य ध्यान देंगे और अनुदान मिलने समेत अन्य मांगे पूरी हो सकेंगी।
यूओयू को अनुदान मिलने की उम्मीद जगी
कुलपति प्रो. ओपीएस नेगी ने दी डॉ. निशंक को बधाई