कालाढूंगी (नैनीताल)। कालाढूंगी-रामनगर मार्ग पर धमोला गांव में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार थाना कुंडा जसपुर जिला ऊधमसिंह नगर के ग्राम गणेशपुर निवासी सुखदेव सिंह (29) पुत्र गुरमीत सिंह बृहस्पतिवार दोपहर करीब पौने दो बजे अपनी बाइक यूके 18 सी 0579 से हल्द्वानी से अपने घर जा रहा था कि धमोला इंटर कॉलेज के सामने आगे चल रही रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय सुखदेव की बाइक सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गई। लोगों ने घटना की सूचना कालाढूंगी पुलिस और 108 को दी। उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां मौत की पुष्टि होने पर पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। पगड़ी पहनी होने के कारण सुखदेव हेलमेट नहीं पहन सका था। कोतवाल कालाढूंगी नरेश चौहान ने बताया कि घटना का कारण बने ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया है। उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक इस ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक रेत भरी थी। इस कारण उसके अगले पहिये भी सड़क से उठ कर चल रहे थे।