सितारगंज में सहकारिता विभाग और यूसीएफ के 24 केंद्रों पर एक माह में सिर्फ 30 हजार 712 क्विंटल 80 किलो धान ही तौला गया है। बुधवार को जिला सहायक निबंधक मान सिंह सैनी कुंवरपुर सिसैया के धान खरीद केंद्र पहुंचे। उन्होंने खरीदे गए धान का रिकार्ड चेक किया और तौल की व्यवस्था भी देखी। इसके अलावा हल्दुआ चीनीमिल, मंडी समिति में क्रय-विक्रय सहकारी समिति, एनसीसीएफ, दक्षिणी किसान सेवा समिति और उत्तरी दीर्घाकार बहुउद्देशीय सहकारी समिति मेंखरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। सैनी ने बताया कि सितारगंज, शक्तिफार्म व नानकमत्ता क्षेत्र में सहकारिता विभाग के 17 व यूसीएफ के सात धान खरीद केंद्र लगाए गए हैं। माह भर में 30 हजार 712.80 क्विंटल धान खरीदा गया, जो कम है। बताया कि कुंवरपुर सेंटर पर 324 क्विंटल, हल्दुआ में 520, क्रय-विक्रय पर 406.80, एनसीसीएफ में 400, दक्षिणी समिति में 1756 व उत्तरी में सबसे कम 40.40 क्विंटल धान की खरीद हुई है। वहां पर एडीओ बलराज सिंह राज आदि थे।