नैनीताल। भारी बारिश के चलते नगर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर मलबा आने का सिलसिला जारी है। रविवार सुबह एरीज रोड पर मलबा आने से यातायात आंशिक रूप से बाधित रहा। इससे यहां से गुजरने वालों को परेशानी हुई। बताया जा रहा है कि पहाड़ी पर भूस्खलन हो रहा है। इस कारण मलबा रोड में आ गया। भवाली रोड पर कैलाखान के पास रोड लगातार नीचे धंस रही है। ऐसे में यहां से गुजरने वालों के लिए खतरा है। अगर यह सड़क बंद हुई तो लोगों को कई किमी रूसी बाईपास से घूम कर जाना होगा। लोनिवि के ईई सीएस नेगी ने बताया कि यह रास्ता हर साल बारिश में बाधित होता है। इसका संबंध बलिया नाले से है। बारिश के दौरान यह रास्ता खराब हो जाता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस रास्ते को सही कराने का प्रयास किया जा रहा है।