गरुड़ (बागेश्वर)। ग्राम पंचायत रौल्याना ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए गांव में संपर्क मार्ग और गांव के जूनियर हाइस्कूल में जैविक और अजैविक कूड़ादान का निर्माण किया है। ग्राम प्रधान रौल्याना मदन गिरी ने बताया कि ग्राम पंचायत की खुली बैठक में सर्व सहमति से प्रस्ताव पारित हुआ कि इस बार ग्राम पंचायत चौदहवें वित्त मद से मिली धनराशि से गांव के जूनियर हाइस्कूल में जैविक और अजैविक कूड़ादान का निर्माण करेगी। ग्राम पंचायत ने चौदहवें वित्त मद से गांव के स्कूल में कूड़े दान का निर्माण किया है। ग्राम प्रधान गिरी हर साल स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने वाले स्कूल के बच्चों को 15 अगस्त के दिन नकद इनाम भी देते हैं। प्रधान द्वारा स्कूल में कूड़ादान का निर्माण करने पर स्कूल के प्रधानाध्यापक नीरज पंत, दीपक पांडे, सुनीता गुसाई, ग्राम विकास अधिकारी चंदन गिरी ने खुशी जाहिर की है। खंड विकास अधिकारी बीसी पंत ने स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए गांव के सार्वजनिक स्थलों पर ग्राम प्रधानों से कूड़ादान का निर्माण करने को कहा है।