रामनगर (नैनीताल)। बरसाती नालों की बाढ़ से कई किसान प्रभावित हुए हैं। नौलीगाड़ नाले की बाढ़ का पानी बैलपड़ाव क्षेत्र के ग्राम गैबुवा में घुस गया। पूर्व प्रधान विजय तिवारी ने बताया कि नाले के किनारे बना तटबंध टूटने के कारण उनके खेत में नाले का पानी घुस गया। इस कारण दो एकड़ खेत में लगाई गई धान की फसल बह गई और उपजाऊ खेतों में मलबा घुस गया। इससे ग्राम किशनपुर में विमल मेहरोत्रा के खेतों में भी नुकसान हुआ है। मलबा खेतों में भरने से जमीन की उर्वरा शक्ति भी घटने की आशंका है। घटना की सूचना कालाढूंगी तहसील के पटवारी को दे दी गई है, लेकिन किसी भी सरकारी प्रतिनिधि ने मौका मुआयना नहीं किया। इससे ग्रामीणों में गुस्सा है।