रामनगर (नैनीताल)। महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष आशा बिष्ट और जिला उपाध्यक्ष सतेश्वरी रावत की भूख हड़ताल शुक्रवार को एसडीएम परितोष वर्मा ने जूस पिलाकर खत्म कराई। बाद में कांग्रेसियों ने एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन स्वास्थ्य निदेशक को भेजा। कांग्रेसियों ने बताया कि कुमाऊं व गढ़वाल का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले रामनगर के रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय में दोनों मंडलों से काफी मरीज इलाज की आस लेकर आते हैं लेकिन उन्हें यहां कोई भी चिकित्सक नहीं मिलता, जिसके चलते मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। ब्लड बैंक की इमारत तो तैयार हो गई है, लेकिन ब्लड बैंक शुरू नहीं हो पाया है। इस दौरान संजय बिष्ट, मंजू चौहान, सुरजी रावत, किरन रावत, दीपा बिष्ट, दिलेश्वरी रावत, मीना मेहरा, शोभा जोशी, विनय पडलिया, अतुल कुमार, आयुष अग्रवाल, अनीता बिष्ट, योगेंद्र मनराल आदि थे।