कुमाऊंनी व्यंजन से पर्यटकों में खुशी
- फोटो : अमर उजाला
नैनीताल। इंग्लैंड से नैनीताल पहुंचे विदेशी पर्यटकों को पहाड़ी व्यंजन का लजीज स्वाद भा रहा है।
रविवार को करीब 12 विदेशी पर्यटकों ने तल्लीताल एक रेस्टोरेंट में सुबह नाश्ते से लेकर रात के खाने में सिर्फ कुमाऊंनी व्यंजनों का लुत्फ उठाया। पर्यटकों ने सुबह के नाश्ते में आलू के गुटके, रायता और मंडुवा की रोटी खाई। इसके बाद घूम फिर कर वापस रेस्टोरेंट में पहुंचे और दोपहर के भोजन में भट्ट के डुबके, भात-कढ़ी और मंडुवे की रोटी का लुत्फ उठाया। विदेशी सैलानियों को कुमाऊंनी व्यंजन इतने अधिक भाए कि वह रविवार रात को भी उसी रेस्टोरेंट में पहुंचे और उन्होंने फिर कुमाऊंनी व्यंजनों की मांग की। इस पर उन्हें चैस भात, खीरे का रायता, झिंगुरे की खीर और मंडुवे की रोटी परोसी गई। खाना खाने के बाद पर्यटकों ने रेस्टोरेंट के कुक की पाक कला की सराहना की।