नैनीताल। मल्लीताल रिक्शा स्टैंड से सीआरएसटी इंटर कॉलेज को जाने वाले मार्ग पर शनिवार दोपहर लगभग दो बजे जलसंस्थान की पाइप लाइन फटने से आधे घंटे तक पानी का फव्वारा चलता रहा। पानी का प्रेशर इतना ज्यादा था कि उसने सड़क को भी फाड़ दिया। मौके पर करीब दो फुट का गड्ढा हो गया। इस दौरान राहगीरों में भी अफरातफरी मची रही। बाद में जलसंस्थान के कर्मचारियों ने पाइप लाइन की मरम्मत कर स्थिति को सामान्य किया। जलसंस्थान के ईई बीसी पाल ने बताया कि शनिवार को एडीबी की लाइन में कुछ खराबी आने के जलते जलसंस्थान की पुरानी लाइन से पानी की आपूर्ति की गई। लाइन पुरानी होने के कारण वह पानी की दबाव को नहीं झेल पाई और फट गई। इसे सूचना मिलते ही सुचारु करवा दिया गया था।