नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय में आयोजित पीएचडी काउंसलिंग प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। विवि के हरमिटेज परिसर में पीएचडी काउंसलिंग के तीसरे दिन वाणिज्य, विधि, मैनेजमेंट, शिक्षाशास्त्र सहित पर्यटन विषय में शोध कार्य के लिए 47 सीटों का आवंटन किया गया। मैनेजमेंट में नेट-जेआरएफ के आधार पर पीएचडी सीट का आवंटन होना था लेकिन अभ्यर्थी के न पहुंचने पर सीट का आवंटन नहीं किया गया। विवि के शोध निदेशक प्रो. राजीव उपाध्याय ने बताया कि तीसरे दिन चार विषयों की 71 सीटों के लिए आवंटन प्रक्रिया की गई थी, जिसमें 47 सीटों पर आवंटन किया गया। उन्होंने बताया कि 24 सीटों पर आवंटन नहीं हो पाया। वाणिज्य में 35, विधि में एक, शिक्षाशास्त्र 10, पर्यटन की एक सीट का आवंटन किया गया। प्रो. उपाध्याय ने बताया कि मैनेजमेंट ग्रुप की जिस सीट पर आवंटन नहीं हो पाया है, उसे वेटिंग लिस्ट के आधार पर किया जाएगा। कला, विज्ञान संकाय की खाली सीटों पर आवंटन वेटिंग के आधार ही होगा।