नैनीताल। एडीबी की ओर से डाला गया टैंक तक पानी पहुंचाने वाला मुख्य पाइप फट जाने से शनिवार सुबह को 1400 से ज्यादा घरों में पानी सप्लाई ठप हो गई। लोगों ने जलसंस्थान और एडीबी के अधिकारियों को फोन करना शुरू किया तो लोगों ने फोन बंद कर लिए। सुबह ठप हुई पानी की सप्लाई देर रात तक सुचारू नहीं हो सकी। ऐसे में लोग पानी को तरस गए। स्त्रोत पर पानी लेने के लिए लोगों की लंबी लंबी लाइनें लग गईं। भाजपा नेता पूरन मेहरा ने एडीबी के अधिकारियों से शिकायत की तब कहीं जाकर लाइन की रिपेरिंग शुरू हो सकी। एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर दुर्गेश पंत ने बताया कि रविवार सुबह तक पाइप को ठीक करके सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी।