रामनगर (नैनीताल)। रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज में तीन दिन पूर्व मुंह, कान में चोट लगने से घायल बाघिन की फोटो, वीडियो वायरल हुई है। इससे विभाग में हड़कंप मचा है। रेंजर भगवती प्रसाद पंत ने बताया कि तीन दिन पूर्व पर्यटकों ने बांगाझाला में जनरिया नाले के पास एक घायल बाघिन को रोड पार करते देखा, जिसकी वीडियो, फोटो सोशल मीडिया में वायरल होने पर वनकर्मियों ने आसपास के सारे क्षेत्रों में कांबिंग की। पैदल गश्त कर उसकी तलाश की। जंगल में कई जगह 32 से अधिक कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं लेकिन सफलता नहीं मिल पाई है। उन्होंने बताया कि 2015 में यह बाघिन अपने दो बच्चों के साथ क्षेत्र में रहती थी। अब बच्चे भी अलग हो गए हैं। इसलिए अब दूसरे रेंजों में भी इस बाघिन को तलाशा जा रहा है। लोकेशन मिलने पर हाथी से गश्त कर इसका इलाज किया जाएगा।