रामनगर (नैनीताल)। गर्मी की छुट्टियों की समाप्ति से पहले ही लोग अपने कार्यस्थल पर लौटना चाहते हैं। इसलिए मंगलवार को भी यहां रोडवेज डिपो में यात्रियों की भीड़ रही। उनके लिए दिल्ली रूट की 17 बसें कम पड़ गईं। इस कारण वह देहरादून, हरिद्वार से पहाड़ों, हल्द्वानी के लिए आ रही बसों में भी घुसने लगे। निजी वाहन स्वामियों ने भी यात्रियों की इस मारामारी का फायदा उठाया। चिलचिलाती धूप में यात्री बसों समेत पेयजल, शौचालय के लिए भी परेशान रहे। टिकट काउंटर के सामने लंबी लाइन में पसीना बहाना पड़ा। बस में सीट घेरने के लिए भी मशक्कत करनी पड़ी। रोडवेज डिपो इंचार्ज नवीन आर्य ने बताया कि मंगलवार को भी दिल्ली रूट पर सात अतिरिक्त बसें लगाई गई, जिनमें से तीन बसें मुरादाबाद डिपो से मंगाई गईं।